जानिये, कब लॉन्च होगी नई होंडा सिटी और क्या होगा खास

  • जल्द ही कंपनी भारत में भी नई सिविक उतारेगी
  • कीमत 9.70 लाख रूपए से 14.05 लाख रूपए है
  • पेट्रोल सीवीटी का माइलेज 18.0 किमी प्रति लीटर है

होंडा सिटी किसी पहचान की मोहताज नहीं है, इसने कंपनी को बिक्री के अच्छे आंकड़े दिलाएं हैं। अब कंपनी नई जनरेशन की सिटी सेडान लाने वाली है। होंडा हर 5-6 साल में नई जनरेशन की सिटी सेडान लॉन्च करती है। कंपनी ने चौथी जनरेशन की सिटी को 2014 में लॉन्च किया था। पांचवी जनरेशन की सिटी सेडान को 2020 में उतारा जाएगा। क्या उम्मीदें हैं नई होंडा सिटी से, ये जानेंगे यहां...

लॉन्च

होंडा ने चौथी जनरेशन की सिटी सेडान को 2013 में दुनिया के सामने पेश किया था और इसे जनवरी 2014 में भारत में लॉन्च किया था। कंपनी यही रणनीति नई सिटी सेडान के साथ भी अपनाएगी। नई सिटी को 2019 के आखिर तक शोकेस किया जाएगा। भारत में इसे 2020 की शुरूआत में या फिर इंडियन ऑटो एक्सपो-2020 में लॉन्च किया जा सकता है।

डिजायन और फीचर

होंडा सिटी का डिजायन सिविक से प्रेरित है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पांचवी जनरेशन की सिटी सेडान भी इस मामले में ज्यादा अलग नहीं होगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में होंडा ने दसवी जनरेशन की सिविक लॉन्च कर दी है। जल्द ही कंपनी भारत में भी नई सिविक उतारेगी। इसके डिजायन में कई अहम बदलाव नज़र आएंगे। चर्चाएं हैं कि नई सिटी सेडान का डिजायन नई सिविक से प्रेरित हो सकता है।

मौजूदा सिटी सेडान की बात करें तो इस में कई प्रीमियम फीचर दिए गए हैं, जिन में एलईडी लाइट, सनरूफ, छह एयरबैग, मशीन फिनिश व्हील और लैदर अपहोल्स्ट्री जैसे फीचर शामिल हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि नई सिटी में नई सिविक और सीआर-वी वाले फीचर दिए गए हैं। इस लिस्ट में होंडा लैन वॉच और 7.0 इंच फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर शामिल हैं।

इंजन और परफॉर्मेंस

नई होंडा सिटी को पेट्रोल और डीज़ल दोनों इंजन में पेश किया जा सकता है। डीज़ल वेरिएंट में मौजूदा मॉडल वाला इंजन दिया जा सकता है। पेट्रोल वेरिएंट में कंपनी बीएस-6 मानकों वाला नया 1.5 लीटर इंजन दे सकती है। नया पेट्रोल इंजन पहले से ज्यादा पावरफुल होगा। चर्चाएं हैं कि इसका माइलेज भी पहले से ज्यादा अच्छा होगा। मौजूदा सिटी की बात करें तो इसके पेट्रोल एमटी का माइलेज 17.4 किमी प्रति लीटर और पेट्रोल सीवीटी का माइलेज 18.0 किमी प्रति लीटर है।

कयास लगाए जा रहे हैं कि पांचवी जनरेक्शन की सिटी सेडान में होंडा का नया वीटेक टर्बो इंजन भी दिया जा सकता है। यह अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध सिविक में दिया गया इंजन हो सकता है। ब्रिटेन में उपलब्ध सिविक में 1.0 लीटर 3-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन लगा है, जो 126 पीएस की पावर और 200 एनएम का टॉर्क देता है।

कीमत और मुकाबला

चौथी जनरेशन की होंडा सिटी की कीमत 9.70 लाख रूपए से 14.05 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) के बीच है। कयास लगाए जा रहे हैं कि नई सिटी की कीमत 10 लाख रूपए से 15 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है। इसका मुकाबला मारूति सुज़ुकी सियाज़,हुंडई वरना, टोयोटा यारिस, फॉक्सवेगन वेंटो और स्कोडा रैपिड से होगा।

 

-->

Related Articles

Leave a Comment