बुंदेलखंड में मर रहा है किसान, झूठ बोलकर बरगला रही भाजपा सरकार : अखिलेश यादव

संक्षेप:

चित्रकूट के बाद बांदा प्रवास पर आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि बुंदेलखंड का किसान मर रहा है और भाजपा लगातार झूठ बोलकर बरगला रही है।

चित्रकूट के बाद बांदा प्रवास पर आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि बुंदेलखंड का किसान मर रहा है और भाजपा लगातार झूठ बोलकर बरगला रही है। रोजगार है नहीं, आखिर डिफेंस कॉरीडोर कहां बन रहा है। सरकार ने कहां जमीनें ली हैं, कब से काम शुरू होगा, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। वह शनिवार को शहर के मर्दननाका में कार्यकर्ता के घर पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि एक बार फिर किसान आंदोलन पर हैं और सरकार से वार्ता विफल हो गई। समाजवादी पार्टी किसानों के साथ है और सरकार को कानून वापस लेना होगा। कहा कि वर्तमान समय हर वर्ग भाजपा से परेशान है और सरकार झूठ बोलकर लोगों को बरगला रही है। कहा, अभी तक सपा ने किसानों को लेकर कार्यक्रम चलाया है, अब युवाओं की बारी है और उनके बीच युवा घेरा कार्यक्रम चलाया जाएगा।

बुंदेलखंड के किसानों की दुखती रग पर हाथ रखते हुए कहा कि यहां किसान बदहाल है। सर्दी में मर रहा है, जबकि अभी कड़ाके की सर्दी भी नहीं थी। पहले से बदहाली में रहने वाले अन्नदाता दम तोड़ रहे हैं, जाहिर है कि उनके पास तन पर कपड़े भी ठीक से नहीं हैं। यही हाल युवाओं का है। बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है, युवा खाली हाथ बैठे हैं। सरकार केवल झूठ पर झूठ बोलकर सपने दिखा रही है। सपा की सरकार आने पर किसानों, व्यापारियों और युवाओं के साथ हर वर्ग की समस्याओं को दूर किया जाएगा।

ये भी पढ़े : राम दरबार: 350 मुस्लिमों की आंखों में गरिमयी आंसू और जुबां पर श्री राम का नाम


सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को चित्रकूट से बांदा पहुंचे थे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद सुबह पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने मिशन-2022 यानी सपा की सरकार बनाने में जुट जाने का आह्वान किया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह सबसे पहले सपा सरकार में बांटे गए लैपटॉप से स्वरोजगार करने वाले युवा शैलेंद्र सिंह के साइबर कैफे पहुंचे। उनसे बातचीत के बाद स्टेशन रोड पर रहने वाली सपा कार्यकर्ता सानिया खान के घर पहुंचे। यहां से मर्दननाका में रहने वाले पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के छोटे भाई व सपा नेता हसन सिद्दीकी के घर जाकर मिले। राज्यसभा सांसद विशंभर निषाद, जिलाध्यक्ष विजय करन यादव, पूर्व विधायक विश्वंभर यादव, ओमनारायण त्रिपाठी विदित, पालिका चेयरमैन मोहन साहू, पूर्व सीबीआइ अधिकारी अनिल यादव, इमरान अली राजू, सुशील त्रिवेदी आदि मौजूद रहे। यहां से वह तिंदवारी से होकर फतेहपुर के लिए रवाना हुए। महोबा के पूर्व विधायक अरिमर्दन सिंह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

Read more Kanpur की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।

Related Articles