NYOOOZ Special:पितरों को मुक्ति दिलाने के लिए कानपुर सरसैया घाट पर महिलाओं ने किया पिंडदान

संक्षेप:

  • सरसैया घाट पर महिलाओं ने किया पिंडदान
  • आत्मा की शान्ति और मुक्ति के लिए प्रार्थना
  • स्त्री-पुरुष कर सकते हैं कर्मकांड

कानपुरः तमाम धारणाओं और रुढ़िवादी परंपराओं को पीछे छोड़ते हुए सरसैया घाट पर सैकड़ों बेटियों ने अपने पुरखों को मोक्ष दिलाया। पितृपक्ष पर पुरखों को पिंडदान के लिए रविवार सुबह से ही गंगा तट पर आधी आबादी की की भारी भीड़ जुटने लगी थी। महिलाओं ने अपने पुरखों की आत्मा की शांति के लिए विधिवत पूजा की व दान-दक्षिणा देकर सुख-समृद्धि की कामना की। तर्पण करने वाली लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. प्रभा अवस्थी ने इस मौके पर कहा कि जब माता गौरी को जनेऊ अर्पित किया जा सकता है और महिला या बालिका जनेऊ धारण भी कर सकती है तो आज के पुरुष प्रधान समाज में महिलाएं अपने पूर्वजों और पुरखों का तर्पण और पिंडदान क्यों नहीं कर सकती? हमें रुढ़िवादी परम्परा को तोड़कर आगे बढ़ना है।

मान्यता है कि पितृपक्ष में देवलोक सें पुरखों की आत्मा घरों में प्रवेश करती है। पितृपक्ष में पुरखों का तर्पण व आराधना करने से पूर्वजों का आशीर्वाद मिलता है। इसी के तहत आज सरसैया घाट पर सैकड़ों महिलाओं ने पूर्वजों का तर्पण कर पिंडदान किया। `युग दधीचि देहदान अभियान` संस्था और `बेटी बचाओ अभियान` संस्था के द्वारा किये गये इस आयोजन में महिलाओं और लड़कियों ने अपने माता-पिता, भाई और अजन्मी बेटियों और पूर्वजों का श्राद्ध किया।

ये भी पढ़े : सारे विश्व में शुद्धता के संस्कार, सकारात्मक सोच और धर्म के रास्ते पर चलने की आवश्यकता: भैय्याजी जोशी


आत्मा की शान्ति और मुक्ति के लिए प्रार्थना

इस श्राद्ध और तर्पण में उन्हीं महिलाओं और लड़कियों ने भाग लिया, जिनके घर परिवार में श्राद्ध करने के लिए कोई भी पुरुष नहीं है। महिलाओं और लड़कियों ने पूरी वैदिक रीति रिवाज और हिन्दू कर्मकांड विधान के मुताबिक़ अपने पूर्वजों और परिवारीजनों को पिंड अर्पित किया और स्नान अर्घ्य आदि देकर उनकी आत्माओं की शान्ति और मुक्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। बाद में श्राद्ध करके उन्हें उनका प्रिय भोग भी अर्पित किया।

स्त्री-पुरुष कर सकते हैं कर्मकांड

महिलाओं का मानना है कि आज के पुरुष प्रधान समाज में नारी किसी भी रूप में पुरुषों से पीछे नहीं है। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जिनके घर या परिवार में कोई पुरुष नहीं, उनके पुरखों या पूर्वजों को आखिर कौन पानी देगा? इसलिए ऐसी महिलाओं को आगे आकर अपने पूर्वजों और परिजनों का अपने हाथों से श्राद्ध और तर्पण करना चाहिए। युग दधीचि के आयोजकों का कहना है कि नारी और बेटी की महत्ता बताने के लिए संस्था हमेशा ऐसे कार्यक्रम करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

Read more Kanpur की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।

Related Articles