उप्र : गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार को
- न्यूज़
- Wednesday | 2nd November, 2022

लखनऊ, दो नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस के इस उपचुनाव से दूरी बनाने के बाद गोला गोकर्णनाथ में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच होता नजर आ रहा है।
चुनाव आयोग के एक अधिकारी के मुताबिक, उपचुनाव के लिए सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे।
उपचुनाव में तीन लाख 90 हजार से ज्यादा मतदाता कुल सात प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।
गोला गोकर्णनाथ सीट छह सितंबर को भाजपा विधायक अरविंद गिरि के दिल का दौरा पड़ने से हुए निधन के कारण रिक्त हुई है।
बसपा और कांग्रेस ने इस उपचुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं खड़े किए हैं।
लिहाजा अब यहां भाजपा उम्मीदवार एवं दिवंगत विधायक अरविंद गिरि के बेटे अमन गिरि और इसी सीट से पूर्व में विधायक रह चुके सपा प्रत्याशी विनय तिवारी के बीच सीधा मुकाबला होता दिख रहा है।
गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा "टेनी" के संसदीय क्षेत्र खीरी में आता है।
मिश्रा पिछले साल अक्टूबर में निघासन क्षेत्र के तिकोनिया क्षेत्र में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के बाद विवादों से घिर गए थे।
पिता के निधन के कारण अमन गिरि के पक्ष में सहानुभूति की लहर होने के बावजूद भाजपा इस उपचुनाव में पूरा जोर लगा रही है और प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों समेत 40 स्टार प्रचारकों ने मैदान में उतरकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की।
खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमन गिरि के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया था।
योगी ने अपने भाषण के दौरान गन्ना किसानों को उनका बकाया मूल्य जल्द से जल्द दिलाने, काशी विश्वनाथ की तर्ज पर क्षेत्र में छोटी काशी कॉरीडोर विकसित करने और मेडिकल कॉलेज बनाने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने लोगों से उपचुनाव में अमन गिरि को जिताने की अपील की थी, ताकि वह अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा सकें।
वहीं, सपा की तरफ से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने प्रचार अभियान की अगुवाई की।
-->
If You Like This Story, Support NYOOOZ
Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.
Read more Lucknow की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।
डिसक्लेमर :ऊपर व्यक्त विचार इंडिपेंडेंट NEWS कंट्रीब्यूटर के अपने हैं,
अगर आप का इस से कोई भी मतभेद हो तो निचे दिए गए कमेंट बॉक्स में लिखे।