रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीतापुर में सपा पर साधा निशाना, बोले-हम किसानों व राम भक्तों पर गोलियां नहीं चलवा सकते

संक्षेप:

  • गुरुवार को सीतापुर पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह।
  • बोले- धूल झोंककर राजनीति करने का काम समाजवादी पार्टी करती है।
  • हमारी पार्टी जो कहती है, वह करती है।

लखनऊ- रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीतापुर में बृहस्पतिवार को तीखे हमले किए। सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलवा दी थीं। हम किसानों और राम भक्तों पर गोलियां नहीं चलवा सकते। यह सपा को मंजूर होगा। हमें नहीं। धूल झोंककर राजनीति करने का काम समाजवादी पार्टी करती है। हमारी पार्टी जो कहती है, वह करती है।

राजनाथ ने अवध क्षेत्र के 15 जिलों के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में अपने भाषण के दौरान कृषि कानून की वापसी को लेकर कहा कि किसानों को बहुत समझाने की कोशिश की गई। जब नहीं समझा पाए तो कानून वापस लेने का फैसला किया गया। उन्होंने कहा कि हम किसानों को ऐसी हालत पर नहीं छोड़ सकते। ऐसा कोई काम नहीं करेंगे, जिससे किसान परेशान हों। राजनाथ ने अलग-अलग जिलों से आए बूथ अध्यक्षों को 2022 के विधानसभा चुनाव में ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ का मंत्र दिया।

यूपी में बनेगी असॉल्ट राइफल, ब्रह्मोस मिसाइल
रक्षामंत्री ने कहा कि यूपी में बदलाव दिख रहा है। योगी ने कमाल किया है। बाहर से आकर लोग यहां पर निवेश कर रहे हैं। रूस की मदद से असॉल्ट राइफल उत्तर प्रदेश में ही बनेगी। ब्रह्मोस मिसाइल भी यहीं बनेगी। डिफेंस कॉरिडोर पर काम चल रहा है।

ये भी पढ़े : राम दरबार: 350 मुस्लिमों की आंखों में गरिमयी आंसू और जुबां पर श्री राम का नाम


रेजांग ला का किया जिक्र
18 नवंबर को भारत-चीन की सीमा पर स्थित रेजांग ला जाने का जिक्र भी रक्षामंत्री ने किया। कहा कि वहां -20 डिग्री सेल्सियस में हमारे जवान रहते हैं। लद्दाख के रेजांग ला में बनाए गए वॉर मेमोरियल को 18 नवंबर को ही रक्षामंत्री ने देश को सौंपा है।

छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं : राजनाथ सिंह

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को बिना नाम लिए पड़ोसी देश पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा कि छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। पुलवामा कांड की याद दिलाते हुए कहा कि हम जरूरत पड़ने पर दुश्मन के घर में भी घुसकर मुंहतोड़ जवाब देने की हिम्मत रखते हैं। भारत की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी है। अब भारत एक मजबूत देश बन चुका है।

वे गुरुवार को सीतापुर के ग्रास फार्म पर अवध क्षेत्र के 15 जिलों के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने अलग-अलग जिलों से आए बूथ अध्यक्षों को 2022 के विधानसभा चुनाव में बूथ जिताने का मंत्र दिया। सीतापुर के नैमिषारण्य की महत्ता और कैप्टन मनोज पांडेय की शहादत को नमन करते हुए रक्षामंत्री ने भाषण की शुरुआत की। कहा कि बीते बुधवार को उन्होंने अवध क्षेत्र के जिलों के बूथ अध्यक्षों से उनके मोबाइल पर बात की। उनका हालचाल लिया। परिवार के बारे में पूछा। इसके बाद क्या माहौल है, इस पर जानकारी ली। सभी ने कहा कि माहौल बहुत अच्छा है। 

रक्षा मंत्री ने कहा कि सामने मौजूद कार्यकर्ताओं की भीड़ व उमंग देखकर ऐसा लग रहा है कि अब भाजपा की विजय को कोई रोक नहीं सकता है। रक्षामंत्री ने बूथ अध्यक्षों को ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ का मंत्र दिया। इसके बाद कहा कि भाजपा सत्ता का सुख भोगने के लिए सरकार नहीं बनाती है। भाजपा देश बनाने के लिए सरकार बनाना चाहती है। भाजपा जनता की आंखों में धूल झोंककर राजनीति नहीं करती है। भाजपा जनता की आंख में आंख डालकर राजनीति करती है।

सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि धूल झोंककर राजनीति करने का काम समाजवादी पार्टी करती है। हमारी पार्टी जो कहती है वह करती है। कांग्रेस पर हमलावर होते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि उनके नेताओं ने बहुत से वादे किए, लेकिन अगर उस पर काम होता तो 25 से 30 साल पहले ही भारत का विकास हो जाता, लेकिन हम लोगों ने वह चुनौती स्वीकार की है, जो कहा है वह किया है।

पुराना इतिहास दोहराते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि 1951 में जब जनसंघ की पार्टी थी, तभी यह तय हुआ था कि अगर हमारी सरकार बनी तो जम्मू कश्मीर में लागू धारा 370 को चुटकी बजाकर खत्म कर देंगे। हमने यह करके दिखाया है। दुनिया के देशों में 6-7 सालों में भारत को लेकर क्या धारणा बन चुकी है, यह आप लोग दुनिया के अलग-अलग देशों में रह रहे अपने जानने वालों से पूछ सकते हैं। देश में बदलाव हुआ है। अंतरराष्ट्रीय मंचों से प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया सुनती है। वहां के राष्ट्राध्यक्षों के बयान भी सामने आते हैं।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

Read more Lucknow की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।

Related Articles