छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव: कड़ाके की ठंड में पूरी रात तंबू गाड़ स्ट्रांग रुम की पहरेदारी कर रहे हैं भाजपाई

संक्षेप:

  • नगरीय निकाय चुनाव की वोटिंग के बाद जीत-हार के दावों के बीच कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम की पहरेदारी में जुट गए हैं.
  • सुरक्षा बलों के साथ ही भाजपाई खुद तंबू गाड़कर, रजाई-गद्दे लेकर चौबीस घंटे डटे हुए हैं.
  • भाजपाइयों का कहना है कि उन्हें कांग्रेस सरकार पर भरोसा नहीं है, बैलेट पेपर और मतपेटी से छेड़खानी की जा सकती है. 

रायपुर: नगरीय निकाय चुनाव की वोटिंग के बाद जीत-हार के दावों के बीच कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम की पहरेदारी में जुट गए हैं। सुरक्षा बलों के साथ ही भाजपाई खुद तंबू गाड़कर, रजाई-गद्दे लेकर चौबीस घंटे डटे हुए हैं। भाजपाइयों का कहना है कि उन्हें कांग्रेस सरकार पर भरोसा नहीं है, बैलेट पेपर और मतपेटी से छेड़खानी की जा सकती है। प्रशासन ने स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं। फिर भी आशंकित भाजपाई पारी बांधकर 24 घंटों निगरानी में जुटे हैं।

दंतेवाड़ा के गीदम में भाजपा ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए हैं। जिलाध्यक्ष चैतराम अटामी ने कहा कि ईवीएम से वोटिंग में पारदर्शिता रही है। ईवीएम पर कांग्रेस को भरोसा नहीं, हमें बैलेट पेपर के मतदान पर भरोसा नहीं है। अटामी बोले कि स्ट्रांग रूम के बाहर सिर्फ 4 जवान तैनात हैं। जबकि पहले के चुनावों में दर्जनों सुरक्षाकर्मियों का पहरा रहता रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने आरोप लगाया कि कुछ कांग्रेसी बात कर रहे थे कि हमारी सरकार है, हम मतपेटी तक बदल सकते हैं। इसी से हम लगातार निगरानी पर बैठे हैं। गीदम के तंबू में भाजपा कार्यकर्ता राजा गुप्ता, संतोष गुप्ता, मल्लिकार्जुन राव, अमित गुप्ता, पप्पू गुप्ता, वैभव गुप्ता, पूरन सोनी सहित भाजपाई मौजूद थे।

मतपेटियों से छेड़छाड़ का आरोप, कोंडागांव में हंगामा

ये भी पढ़े : राम दरबार: 350 मुस्लिमों की आंखों में गरिमयी आंसू और जुबां पर श्री राम का नाम


कोंडागांव में पुराने कलेक्टोरेट स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर रविवार की शाम भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि कुछ लोग बिना रोक-टोक अंदर आना जाना कर रहे हैं। अफसरों ने उन्हें समझाया कि इसी भवन में मार्कफेड का ऑफिस भी है, उसी के दस्तावेज लेने तीन अधिकारी अंदर गए थे। जिस पर भड़के नेताओं ने एसडीएम पवन प्रेमी पर कार्रवाई की मांग उठाई, कहा कि जो लोग अंदर गए उनके पास कोई आईडी नहीं थी। खबर लिखे जाने तक विवाद जारी था। दोनों दलों के प्रतिनिधि के तौर पर अफसरों ने कांग्रेस महासचिव गीतेश गांधी और भाजयुमो जिलाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी को मतपेटियां दिखाईं, मगर कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे। वहीं जगदलपुर में धरमपुरा पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर भाजपाई शिफ्टवार निगरानी पर बैठे हैं। छह कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने हॉल में जगह दी है, वहां बैठकर वो सीसीटीवी कैमरे के मॉनीटर से मतपेटियों पर नजर रखे हैं।

धमतरी और महासमुंद में भी चौबीसों घंटे नजर

धमतरी में पीजी कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर भाजपाई शनिवार शाम से ही मतपेटियों की निगरानी में बैठे हुए हैं। पार्टी की ओर से सभी कार्यकर्ताओं के भोजन का इंतजाम किया जा रहा है। महासमुंद के पिटियाझर स्थित स्ट्रांग रूम में मतपेटियां जमा होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने तीन पाली में चौबीसों घंटे डेरा जमाए रखने का फैसला किया है.

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

अन्य रायपुर की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।