बेटे की शादी में मोहम्मद शहजाद ने सीएम को बुलाया, पार्टी ने किया निष्‍कासित

संक्षेप:

  • बसपा नेता मोहम्मद शहजाद पार्टी से निष्कासित
  • सीएम रोवत को घर बुलाना पड़ा भारी
  • संजय गुप्ता को बीजेपी ने भेजा कारण बताओ नोटिस

हरिद्वार: हाल ही में बसपा में शामिल हुए पूर्व विधायक मोहम्मद शहजाद को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को अपने पुत्र के विवाह में आमंत्रित करना भारी पड़ गया। इस कार्यक्रम के अगले ही दिन रविवार को मोहम्मद शहजाद को पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर बसपा से निष्कासित कर दिया गया।

रविवार को शिवालिकनगर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश महासचिव नत्थू सिंह, सतीश कुमार सिंह, सूरजमल व जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक शहजाद ने पार्टी का भरोसा तोड़ा है। 

बसपा पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व विधायक ने पार्टी को गुमराह करने का काम किया है। वे भाजपा के संपर्क में बने रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से पूर्व की गलतियों की माफी मांगी थी, जिसके बाद उन्हें पार्टी में शामिल किया गया था। पूर्व विधायक को चार साल में तीसरी बार निष्कासित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक की अभी भी भाजपा से नजदीकी है। 

ये भी पढ़े : राम दरबार: 350 मुस्लिमों की आंखों में गरिमयी आंसू और जुबां पर श्री राम का नाम


उन्होंने कहा कि शहजाद ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उनके सरकार के सहयोगियों को अपने यहां पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत बुलाया। यह पार्टी के साथ विश्वासघात है। वे पार्टी को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। इसे नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। इस दौरान पूर्व विधायक हरिदास भी मौजूद रहे।

बहुजन समाज पार्टी से अपने निष्कासन के सवाल पर पूर्व विधायक मोहम्मद शहजाद ने कहा कि उन्होंने कोई ऐसा कार्य नहीं किया जो बसपा के हितों के विपरीत हो। वे 25 जून को बसपा में फिर से शामिल हुए थे। इस बीच कौन सा चुनाव हुआ, जिसमें उन्होंने पार्टी के विपरीत काम किया है, यह बसपा बताए। अपने बेटे की शादी में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को बुलाने के बारे में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश के होते हैं। वे सार्वजनिक जीवन में हैं। यहां सबसे संबंध बनते हैं। मुख्यमंत्री उनके बेटे की शादी में बुलाने पर आए यह तो सामाजिक दायरे में आता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे प्रेसवार्ता कर आरोपों का जवाब देंगे।

दूसरी तरफ लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के पूर्व बसपा नेता के बेटे की शादी में शामिल होने पर विवादास्पद बयान दिया था। जिसको लेकर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने इसकी पुष्टि की है।

शनिवार को विधायक ने मुख्यमंत्री पर निधाना साधते हुए कहा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है, जबकि झोटा बिरयानी वालों के लिए सीएम के पास समय है। लक्सर से भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने शनिवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के पूर्व विधायक मोहम्मद शहजाद के बेटे की शादी में शामिल होने और गुरुकुल कांगड़ी में छह जुलाई को आर्य समाज के तीन दिनी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में न आने पर नाराजगी जताई थी। 

उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। इस बयान को लेकर तरह-तरह के चर्चाएं थी। इसे सरकार से भाजपा विधायकों की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा था। विधायक संजय गुप्ता ने एक कार्यक्रम में होने का हवाला देते हुए इस मामले में ज्यादा बात करने से इन्कार कर दिया। विधायक सुबह से ही घर में नहीं हैं। कहां गए हैं, घर में भी इसकी किसी को जानकारी नहीं है। 

भाजपा विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि उन्होंने सरकार से नाराजगी वाला न कोई बयान दिया और न ही आपत्तिजनक बात कही। उन्होंने हरिद्वार जिले में कांवड़ियों के आने-जाने के रास्तों पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार और प्रशासन का ध्यान खींचा था। स्थानीय विधायक होने के नाते यह उनका कर्तव्य है, इसमें कोई आपत्तिजनक बात नहीं। 

लक्सर विधायक के बयान पर उन्होंने कहा कि वह एक कार्यक्रम के सिलसिले में शहर से बाहर हैं, उन्हें बयान के बारे में कुछ नहीं पता, इसलिए टिप्पणी करना उचित नहीं है। लक्सर विधायक संजय गुप्ता के बयान पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। प्रदेश नेतृत्व को इसकी जानकारी दी गई है। वहां से निर्देश मिलने के बाद ही कार्रवाई होगी। वैसे यह संजय गुप्ता की निजी राय है, लेकिन इसे व्यक्त करने का तरीका गलत है। निजी तौर पर सामाजिक संबंधों के तहत कोई कहीं भी आ जा सकता है। इसमें आपत्तिजनक कुछ भी नहीं है। 

उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के हिसाब से मुख्यमंत्री का आर्य समाज के समारोह में आने का निश्चित कार्यक्रम था, लेकिन ऐन वक्त पर उनका स्वास्थ्य खराब हो गया, जिस वजह से वह नहीं आ पाए।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

Read more Haridwar की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।

Related Articles