"भारत राष्ट्र है ही नहीं" कहने वाले आज भारत जोड़ने निकले हैं: अमित शाह

जोधपुर, 10 सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की "भारत जोड़ो यात्रा" पर कटाक्ष करते हुए शनिवार को कहा कि "भारत राष्ट्र है ही नहीं" कहने वाले आज "विदेशी" टीशर्ट पहनकर भारत जोड़ने निकले हैं।

यहां भाजपा की राजस्थान इकाई के बूथ पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मुस्लिम चरमपंथियों द्वारा उदयपुर में की गयी दर्जी कन्हैया लाल की हत्या और करौली हिंसा को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा तथा आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति कर सकती है।

उन्‍होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में इसे "उखाड़ फेंकने" को कहा।

राहुल गांधी की "भारत जोड़ो यात्रा" का जिक्र करते हुए उन्‍होंने कहा, ‘‘ अभी राहुल बाबा, भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं... विदेशी टी-शर्ट पहनकर वह भारत जोड़ने निकले हैं... मैं उनको और कांग्रेसियों को संसद में उनके भाषण का एक वाक्य याद दिलाता हूं... भारत राष्ट्र है ही नहीं।

राहुल बाबा, किस किताब में आपने यह पढ़ा है? यह तो वह राष्ट्र है जिसके लिए लाखों, लाख लोगों ने अपने गर्दन कटवाए।’’

शाह ने कहा,‘‘आपको यह राष्‍ट्र नहीं लगता ... ये राहुल बाबा भारत जोड़ने न‍िकले हैं, मुझे लगता है कि उनको भारत का इतिहास पढ़ने की जरूरत है।’’

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी सात सितंबर से भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3750 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

शाह ने अपने संबोधन के दौरान राज्‍य की अशोक गहलोत सरकार पर भी तीखे वार किए और चुनावी वादों पर खरा नहीं उतरने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा,‘‘ गहलोत साहब जोधपुर के ही हैं, मैं उनके गांव में आकर बोलता हूं गहलोत जी ध्‍यान से सुनिएगा आपके वादे याद कराने आया हूं।’’

पूर्व भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा, ‘‘ (आपने) 2018 में राहुल गांधी के साथ जो वादे किए थे, उनके बारे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आपसे ह‍िसाब मांगती है।

10 दिन के अंदर किसानों का ऋण माफ करने का क्या हुआ? युवाओं को 3,500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का क्या हुआ? 20 लाख युवाओं को रोजगार देने का क्या हुआ?’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ कांग्रेस सिर्फ खोखले वादे कर सकती है, वह वादों को पूरा नहीं कर सकती।

कांग्रेस सरकार विकास का काम नहीं कर सकती है।

वह सड़कें नहीं बना सकती, बिजली नहीं दे सकती, रोजगार नहीं दे सकती है।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

डिसक्लेमर :ऊपर व्यक्त विचार इंडिपेंडेंट NEWS कंट्रीब्यूटर के अपने हैं,
अगर आप का इस से कोई भी मतभेद हो तो निचे दिए गए कमेंट बॉक्स में लिखे।