रोजगार मांगते हैं युवा, मिलती हैं लाठियां और मुकदमे- प्रियंका गांधी

संक्षेप:

  • सोमवार को नोएडा पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी।
  • रोजगार को लेकर योगी सरकार पर साधा निशाना।
  • प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक के समर्थन में डोर-टूट-डोर चुनाव प्रचार भी किया।

नोएडा- ‘प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर आए दिन लीक हो रहे हैं। युवाओं को परीक्षा देने के बावजूद पांच से छह वर्ष बाद भी नौकरी नहीं मिली है। बेरोजगार युवा जब नौकरी की मांग करते हैं तो सरकार से उनको रोजगार नहीं बल्कि मुकदमे और लाठियां मिलती हैं।’ सोमवार को नोएडा पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कुछ इस अंदाज में प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सेक्टर-26 स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पूजा अर्चना की और फिर नोएडा के कई स्थानों पर प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक के समर्थन में डोर-टूट-डोर चुनाव प्रचार भी किया।

सेक्टर-26 क्लब में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा मुद्दों को छोड़कर सांप्रदायिकता पर चुनाव लड़ती है। इससे केवल राजनीतिक लोग ही लाभ उठाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। महिलाएं घर से निकलने में डरती हैं। जबकि यूपी सरकार दावा करती है कि प्रदेश में अमनचैन कायम हो चुका है। उन्होंने कहा कि यूपी में महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवा, विकास और शिक्षा आदि मुद्दों से लोगों को भटकाया जा रहा है। इसलिए युवाओं और महिलाओं को सोचना और समझना होगा। लोगों को ऐसे नेता को विधायक चुनना चाहिए जो उनकी समस्याएं दूर कर सके। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि जो सरकार कॅरिअर बनाने की बजाय मुकदमे दर्ज कराकर युवाओं को अंधकार में धकेल रही है, ऐसी सरकार को असलियत दिखानी होगी।

दो दशक बाद 403 सीटों पर अकेले लड़ रही पार्टी
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में दो दशक बाद 403 सीटों पर चुनाव अकेले लड़ रही है। पार्टी का हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता संघर्ष कर रहा है। जिसका लाभ चुनाव में मिलेगा। उन्होेंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस अपनी सरकार बनाएगी। सरकार बनने पर यूपी के 12 लाख लोगों को रोजगार दिया जाएगा। इसके लिए स्पेशल रिक्रूटमेंट कमीशन बनाया जाएगा। जिसमें नौकरी निकलने की तारीख से लेकर परीक्षा और परिणाम व नौकरी मिलने की तारीख भी तय होगी। इसके लिए पूरा एक विधान बनाया जाएगा। छह माह में नौकरी की प्रक्रिया खत्म करते हुए तैनाती दी जाएगी।

ये भी पढ़े :


विधायक के चेहरे को बस पर लगे पोस्टर में ही देख पाते हैं नोएडावासी
नोएडा के विधायक के चेहरे को देखने के लिए शहरवासियों को बसों पर लगे पोस्टर-बैनर को देखना होता है। क्योंकि वह नोएडा में नहीं बल्कि दिल्ली में रहते हैं। यह कहना है कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का। सोमवार को नोएडा से कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार करने पहुंची प्रियंका ने मतदाताओं से स्थानीय नेता चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रत्याशी लोगों की समस्याओं को समझेगा और उनको दूर कराने में भी हर समय जनता के साथ होगा। उन्होंने कहा कि पंखुड़ी पाठक ने कोविड के दौरान भी शहरवासियों की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि नोएडा में आज भी बिजली, पानी, सड़क और बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं ज्यो की त्यो है। इन समस्याओं को दूर कराने के लिए पिछले विधायक ने कोई काम नहीं किया। इससे पूर्व उन्होंने सेक्टरवासियों, शहर के उद्यमी, कारोबारी, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, किसान प्रतिनिधि मंडल, आशा, डॉक्टरों और व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल से करीब दो घंटे तक बातचीत की। इसके बाद वह डोर-टू- डोर प्रचार करने के लिए सेक्टर-8 की झुग्गियों में पहुंची। वहां पर उन्होंने कई घरों में जाकर महिलाओं से बातचीत की। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष रामकुमारतंवर,उपाध्यक्ष हरेंद्र शर्मा, रिजवानचौधरी, सोनू खारी,दिनेश अवाना, फिरे सिंह नागर, चरणसिंह यादव, गौतम अवाना, ललित अवाना, लियाकत अली, शहाबुद्दीन,पवन शर्मा, रूबी चौहान आदि मौजूद रहे।

मंजू देवी से की पांच मिनट तक बात
प्रियंका गांधी सेक्टर-8 की झुग्गी-झोपड़ियों में प्रचार करने के लिए कांग्रसी उम्मीदवार पंखुड़ी पाठ क के साथ घर-घर गईं। यहां पर मंजू देवी नाम की महिला से करीब पांच मिनट तक बात की और बाहर मीडिया से आकर रूबरू हुई। उन्होंने कहा कि यहां की जनता जनप्रतिनिधियों से त्रस्त है।

सेक्टर-70 में महिलाओं से किया संवाद
सेक्टर-70 में प्रियंका गांधी ने एक निजी व्यक्ति के आवास पर जाकर महिलाओं से संवाद किया। यहां पर महिलाओं से चर्चा करते हुए शहर की समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने यहां पर करीब एक घंटे तक महिलाओं की बात सुनी और कहा कि महिलाएं अपने अधिकार को जानती तो है लेकिन उसका कभी प्रयोग नहीं करती है। उन्होंने 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देकर इसकी शुरुआत कर दी है।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

Read more Noida की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।