देर रात आगरा पहुंची प्रियंका गांधी, अरुण वाल्मीकि के परिजनों से की मुलाकात

संक्षेप:

  • पुलिस हिरासत में हुई थी वाल्मीकि की मौत।
  • अरुण को थर्ड डिग्री देने का आरोप।
  • प्रियंका ने परिजनों के आंसू पोंछें और उन्हें सांत्वना दी।

आगरा- आगरा में सफाई कर्मचारी अरुण नरवार की मौत के बाद प्रदेश में सियासत का पारा चढ़ गया था। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार देर रात 11:00 बजे मृत सफाई कर्मचारी अरुण नरवार के लोहामंडी स्थित घर जाकर उनकी पत्नी और मां से बंद कमरे में मुलाकात की। प्रियंका ने परिजनों के आंसू पोंछें और उन्हें सांत्वना दी। साथ ही तीस लाख रुपये की आर्थिक सहायता और कानूनी मदद दिलाने का भरोसा दिया।

परिजनों से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने कार पर खड़े होकर मीडिया से कहा कि उन्हें परिजनों ने बताया है कि पुलिस हिरासत में अरुण पर थर्ड डिग्री का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने घर की तलाशी के नाम पर भाई की बेटी की शादी के लिए रखी रकम भी ले ली। प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार दोपहर में लखनऊ से आगरा आने को थीं। लेकिन एक्सप्रेसवे पर उन्हें रोक लिया गया था। शाम को अरुण के अंतिम संस्कार के बाद चार लोगों के साथ आने की इजाजत दी गई। एक्सप्रेसवे से आगरा में वे 11:00 बजे लोहामंडी स्थित घर पर परिजनों से मिलीं। बंद कमरे में उन्होंने मुलाकात की और पीड़ित परिवार को सांत्वना के साथ भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ है। 

अरुण को थर्ड डिग्री देने का आरोप
प्रियंका ने कहा कि मुझे यकीन नहीं आ रहा कि आजाद भारत में ऐसा हो सकता है। परिजनों ने बताया कि शादी के लिए रखी रकम पुलिस उठाकर ले गई। प्रियंका ने कहा कि बंद कमरे में परिवार ने ऐसी बातें बताईं जिन्हें वे ज्यादा बता नहीं सकतीं। लेकिन पूरे परिवार को थाने में अवैध हिरासत में रखा गया, मारपीट की गई। पत्नी ने बताया कि उसे बेरहमी से बांधकर पीटा गया। उसके कान में चोट है। अरुण को भी उसके सामने पीटा गया और उनकी भाभी जया ने बताया कि उनके कपड़े उतरवाने की धमकी दी। भाई ने बताया कि रात 2:00 बजे मिले थे तो अरुण ठीक थे पर आधे घंटे बाद ही बताया कि उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए गए। तलाशी के नाम पर पूरा घर अस्त-व्यस्त कर दिया, पलंग तोड़ दिया गया। ऐसा तो कोई सोच नहीं सकता। 
न्याय केवल मंत्रियों के लिए, जनता के साथ अत्याचार
प्रियंका ने कहा कि यह किस तरह का देश बनाया जा रहा है। न्याय केवल मंत्रियों के लिए है, गरीब जनता के साथ केवल अत्याचार हो रहा है। प्रियंका के दौरे के समय प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह जिलाध्यक्ष मीनू और शब्बीर अब्बास के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

ये भी पढ़े : राम दरबार: 350 मुस्लिमों की आंखों में गरिमयी आंसू और जुबां पर श्री राम का नाम


प्रियंका गांधी वाड्रा ने किया था ट्वीट
पुलिस अभिरक्षा में अरुण की मौत पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि, किसी को पुलिस कस्टडी में पीट-पीट कर मार देना कहां का न्याय है? आगरा पुलिस कस्टडी में अरुण वाल्मीकि की मौत की घटना निंदनीय है। भगवान वाल्मीकि जयंती के दिन उप्र सरकार ने उनके संदेशों के खिलाफ काम किया है। उच्च स्तरीय जांच व पुलिस वालों पर कार्रवाई हो व पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले।

मालखाना में 17 अक्तूबर की रात चोरी हो गई थी
थाना जगदीशपुरा के मालखाना में 17 अक्तूबर की रात चोरी हो गई थी। चोर दरवाजे और बक्से का ताला तोड़कर 25 लाख रुपये ले गया था। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सहित छह को निलंबित किया गया था। पुलिस चोर की तलाश में लगी थी। पुलिस की विवेचना में अरुण का नाम सामने आया। वह लोहामंडी स्थित पुल छिंगामोदी, वाल्मीकि बस्ती के रहने वाला था। घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने मंगलवार दोपहर आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही थी।

अरुण ने चोरी करना कबूल किया था
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि अरुण ने चोरी करना कबूल किया था। रुपये घर में रखे होने के बारे में बताया। इस पर तड़के चार बजे पुलिस उसे घर लेकर गई। 15 लाख रुपये बरामद किए। बरामदगी के दौरान अरुण की तबीयत बिगड़ गई। इस पर पुलिस और परिजन अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम कराया गया है। परिवार की ओर से मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शाम तकरीबन साढ़े तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार पुलिस की मौजूदगी में कराया गया।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

अन्य आगरा की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।

Related Articles