इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में समाजवादी छात्रसभा की जीत, जमकर हुआ बवाल

संक्षेप:

  • इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित
  • अध्यक्ष पद पर समाजवादी छात्र सभा ने कब्जा जमाया
  • परिणाम आने के बाद जमकर बमबाजी

इलाहाबाद: इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव काफी गहमागहमी के बाद कल सम्पन्न हो गए। देर रात इलाहाबाद विश्वविद्यालय समेत चार संघटक महाविद्यालयों में मतदान का परिणाम भी आ गया।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के फिर अध्यक्ष पद पर समाजवादी छात्र सभा (सछास) ने कब्जा जमाया है। उदय प्रकाश यादव (3698) विजयी हुए हैं। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआइ) के अखिलेश यादव (2157) ने जीत दर्ज की है। महामंत्री पद भाजपा समर्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के खाते में गया है।

इसके शिवम सिंह (2823) विजयी रहे। संयुक्त सचिव पद पर सछास के सत्यम सिंह सनी (3199) मत पाकर विजयी रहे। सांस्कृतिक सचिव पद पर एनएसयूआइ के आदित्य सिंह (1832) ने विजय का वरण किया।

ये भी पढ़े : राम दरबार: 350 मुस्लिमों की आंखों में गरिमयी आंसू और जुबां पर श्री राम का नाम


मतदान में करीब 48 फीसदी छात्रों ने हिस्सा लिया था। रात करीब डेढ़ बजे घोषित हुए नतीजों में अध्यक्ष पद पर समाजवादी छात्र सभा के उदय प्रकाश यादव को विजेता घोषित किया गया। उदय ने एबीवीपी के अतेंद्र सिंह को 774 वोट से हराया। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के अखिलेश यादव को जीत हासिल हुई। महामंत्री के पद पर एबीवीपी के शिवम सिंह को जीत मिली।शिवम ने सपा छात्र सभा के राहुल को 270 वोटों से हराया। संयुक्त सचिव पद पर छात्र सभा के सत्यम सिंह ने एबीवीपी के चंदन कुमार को 952 वोट से हराकर जीत दर्ज की। सांस्कृतिक मंत्री पद पर एनएसयूआई के आदित्य सिंह को जीत हासिल हुई।

इसके अलावा सीएमपी डिग्री कालेज छात्रसंघ के परिणाम में आशुतोष त्रिपाठी, इलाहाबाद डिग्री कालेज (एडीसी) में अविनाश शुक्ल, ईश्वर शरण में राकेश यादव और श्यामा प्रसाद मुखर्जी डिग्री कॉलेज में ऋतुराज सिंह छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए।

सीएमपी डिग्री कालेज छात्रसंघ के अध्यक्ष पद पर आशुतोष त्रिपाठी, उपाध्यक्ष पद पर मोहम्मद राशिद, महामंत्री पद पर करन त्रिपाठी, संयुक्त मंत्री पद पर बृजराज वर्मा और सांस्कृतिक सचिव पद पर आदेश मिश्र निर्वाचित हुए। यहां अध्यक्ष व सांस्कृतिक सचिव के प्रत्याशी एबीवीपी पैनल से जीते हैं।

इलाहाबाद डिग्री कालेज (एडीसी) में अविनाश शुक्ल ने अध्यक्ष, दिव्यांशु सिंह उपाध्यक्ष, वरुण ध्यानी ने महामंत्री पद, शिवानी मिश्रा ने संयुक्त सचिव पद तथा शिवम शुक्ल ने सांस्कृतिक सचिव पद पर जीत दर्ज की है। यहां एबीवीपी के पैनल पर दिव्यांशु, शिवानी व शिवम जीते हैं। महामंत्री भी एबीवीपी समर्थित हैं।

ईश्वरशरण डिग्री कॉलेज में अध्यक्ष पद पर राकेश यादव ने जीत दर्ज की है। महामंत्री पद पर सलभ गुंजन सिंह, उपाध्यक्ष पद पर जयसिंह, संयुक्त मंत्री पद पर सौरभ उपाध्याय व सांस्कृतिक सचिव पद पर सचिन सिंह विजयी हुए।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी डिग्री कॉलेज में ऋतुराज सिंह छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए। महामंत्री पद पर प्रवीन कुमार मिश्र, उपाध्यक्ष पद पर अंशुमन कुमार गोंड विजयी हुए, जबकि संयुक्त मंत्री पद पर दीपक मौर्य और सांस्कृतिक सचिव पद पर अनीषा पटेल ने जीत दर्ज की।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव परिणाम आने के बाद बवाल शुरू हो गया। विश्वविद्यालय गेट के सामने स्थित केपीयूसी छात्रावास के पास बम फेंका गया।हिंसा और हंगामे के चलते नए पदाधिकारी अपने समर्थकों के बीच जश्न भी नहीं मना सके। हंगामे और आगजनी की वजह से काफी देर तक अफरा तफरी मची रही। निर्वाचित अध्यक्ष उदय प्रकाश ने हिंसा व आगजनी के लिए एबीवीपी कार्यकर्ताओं को ज़िम्मेदार ठहराया। हालात को काबू में करने में पुलिस-प्रशासन के अफसरों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इसमें सीओ जख्मी हुए। आरोप है कि हारने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ता बम चला रहे हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सामने हालैंड हाल छात्रावास में आग लगा दी गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। हॉलैंड हॉल हास्टल में नवनिर्वाचित अध्यक्ष उदय प्रकाश के साथ ही निवर्तमान अध्यक्ष अवनीश यादव समेत आठ लोगों के कमरे आग के हवाले कर दिए गए।

यहां बमबाजी में दारागंज इंस्पेक्टर विनीत सिंह समेत 2 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। जिन्हें बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां पहुंचीं। 

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

Read more Allahabad की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।

Related Articles