विधानसभा चुनाव में इसबार महिलाएं दम दिखाने को हैं तैयार, 50 से अधिक महिलाओं ने की दावेदारी पेश

संक्षेप:

  • 50 से अधिक महिलाओं ने चुनाव के लिए प्रस्तुत की अपनी दावेदारी।
  • दो वर्ष पहले से ही इलाके में सक्रिय हो गईं हैं कई महिलाएं।
  • कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी सीटों पर महिला उम्मीदवारों को उतारने की घोषणा की है।

इलाहाबाद. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इसबार महिलाएं भी अपनी ताकत दिखाने को तैयार हैं। चुनाव लड़ने के लिए लगभग 50 से अधिक महिला नेताओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने तो विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी सीटों पर महिला उम्मीदवारों को उतारने की घोषणा की है। इससे महिलाओं की भागीदारी को लेकर नए समीकरण बनने लगे हैं। खास बात यह है कि दावेदारों में युवा महिलाओं की बड़ी संख्या है।

वर्तमान में प्रयागराज में प्रमुख पदों पर महिलाएं ही काबिज हैं। अभिलाषा गुप्ता नंदी महापौर हैं तो डॉ. रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद और केशरी देवी पटेल फूलपुर से सांसद हैं। इनके अलावा नीलम करवरिया मेजा से विधायक हैं। आगामी चुनाव में यह भागीदारी और बढ़ती दिख रही है। पूर्व में चुनाव लड़ चुकीं महिला नेताओं ने इस बार भी टिकट मांगा है। इनके अलावा लंबे समय से संघर्ष कर रहीं राजनीतिक परिवारों की अन्य महिला नेताओं ने भी टिकट की मांग की है।



भाजपा में राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली बीना मिश्रा ने मेजा से टिकट की दावेदारी की है, वहीं प्रदेश महिला मोर्चा में पदाधिकारी आकांक्षा सोनकर ने बारा से टिकट मांगा है। प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल व महिला मोर्चा की मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी की बहू कविता यादव त्रिपाठी भी दावेदारों की सूची में शामिल है। इनके अलावा पूर्व महानगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय भी भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी कर रही हैं।

ये भी पढ़े : राम दरबार: 350 मुस्लिमों की आंखों में गरिमयी आंसू और जुबां पर श्री राम का नाम


जिले की 12 सीटों पर डेढ़ सौ महिला नेता कतार में
यहां के कुल 12 विधानसभा क्षेत्रों से सपा से चुनाव लड़ने के लिए करीब ड़ेढ़ सौ नेता कतार में हैं। इनमें महिलाओं की भी बड़ी संख्या है। पूर्व में चुनाव लड़ चुकीं पूजा पाल, ऋचा सिंह, निधि यादव, दीपांशु कोल इस बार भी दावेदार हैं। इनके अलावा कमला यादव ने प्रतापपुर, पूनम पाठक ने मेजा, गीता पासी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुषमा पासी ने सोरांव से टिकट की मांग की है।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुलाब कली आदिवासी ने बारा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शांति देवी ने प्रतापपुर, सीएमपी डिग्री कॉलेज छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष पूजा मिश्रा ने हंडिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्य प्रकाश मालवीय की पुत्री संगीता मालवीय तथा सपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल मंजू पाठक ने शहर उत्तरी से टिकट की मांग की है।

कांग्रेस से टिकट की मांग करने वाली महिला दावेदारों की भी लंबी सूची है। महिला प्रदेश कांग्रेस की डॉ. सत्या पांडेय करछना, कांग्रेस के आरटीआई विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष रजिया सुल्तान पश्चिमी, वरिष्ठ नेता मंजू संत बारा, महिला शहर अध्यक्ष एवं पार्षद अल्पना निषाद, पार्षद मुमताज अंसारी दक्षिणी, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष खुश नवेदा फाफामऊ, पूर्व महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनीता कुशवाहा पश्चिमी से दावेदारी कर रही हैं। आम आदमी पार्टी की नेहा सिंह भी चुनावी समर में उतरने की तैयारी में जुटी हैं।

जीत एवं जातीय समीकरण पर भी नजर
टिकट के लिए दावेदारी कर रही महिला नेताओं की जीत एवं जातीय समीकरण पर भी नजर है। इसे ध्यान में रखकर टिकट की दावेदारी की गई है। मतदाता सूची में निर्णायक भागीदारी को देखते हुए पासी बिरादरी की महिलाओं ने सोरांव से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इसी तरह से कोरांव एवं बारा से आदिवासी, निषादों ने दावेदारी की है। इस बार सभी दलों की ब्राह्मण बिरादरी के मतदाताओं पर नजर है। ऐसे में सपा की ओर से शहर उत्तरी से किसी ब्राह्मण को प्रत्याशी बनाए जाने की भी चर्चा है। इसे देखते हुए इस सीट पर सपा से टिकट के लिए दो महिलाओं ने दावेदारी की है। मुस्लिम महिला दावेदारों को शहर पश्चिमी सीट पसंद है।

दलों में महिला विंग सक्रिय
विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दल महिला उम्मीदवारों पर कितना भरोसा दिखाते हैं यह तो टिकट बंटवारे के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा, लेकिन सभी दलों की महिला विंग सक्रिय हो गई हैं। खासतौर पर, विपक्षी दलों की महिला विंग महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ ज्यादा आक्रामक हैं।

प्रयागराज ने दीं कई बड़ी महिला नेता
वर्तमान में प्रयागराज के प्रमुख पदों पर महिलाएं काबिज हैं तो कई बड़ी नेता राजनीति में सक्रिय हैं। इनमें कई महिला नेताओं की देश और प्रदेश की राजनीति में भी बड़ी भूमिका हैं। प्रयागराज ने इससे पहले भी कई बड़ी महिला नेता दी हैं। इनमें देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की बहन विजय लक्ष्मी पंडित, केंद्रीय मंत्री एवं राज्यपाल रह चुकीं डॉ. राजेंद्र कुमारी बाजपेई, पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पत्नी कमला बहुगुणा, विधायक रह चुकीं डॉ. कमल गोइंदी, राज्यसभा सदस्य एवं विधायक रहीं सरोज दुबे आदि शामिल हैं।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

Read more Allahabad की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।

Related Articles