आज गोरखपुर में बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र देंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा

संक्षेप:

  • चंपा देवी पार्क में बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन।
  • गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के 10 जिलों के 27 हजार 637 बूथ अध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
  • उनके साथ मुख्यमंत्री योगी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी होंगे शामिल।

गोरखपुर- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार यानी आज गोरखपुर क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र देंगे। चंपा देवी पार्क में होने वाले बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी शामिल होंगे।

सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, जिला प्रभारियों और विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों का विधानसभा चुनाव की दृष्टि से मार्गदर्शन करेंगे। सम्मेलन में गोरखपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के 10 जिलों के 27 हजार 637 बूथ अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में क्षेत्र के सांसद, विधायक, क्षेत्र और जिला स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

गोरखपुर क्षेत्र में कुल 62 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 44 सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी। इस बार के चुनाव में भाजपा ने कम से कम 55 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले चुनाव में जिन सीटों पर पार्टी को कामयाबी हासिल हुई थी, वहां इस बार ज्यादा मतों के अंतर से जीत हासिल करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

ये भी पढ़े : राम दरबार: 350 मुस्लिमों की आंखों में गरिमयी आंसू और जुबां पर श्री राम का नाम


वनटांगियों से संवाद करने रजही गांव जाएंगे जेपी नड्डा
बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वनटांगिया गांव रामगढ़ रजही जाकर वनटांगिया परिवारों से संवाद करेंगे। उनका वहां के बूथ अध्यक्ष बलराम राजभर के आवास पर जाने का भी कार्यक्रम है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संवाद कार्यक्रम में एक हजार वनटांगिया शामिल होंगे। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वह वनटागियां बस्ती में हुए विकास कार्यों से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराएंगे।

गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद गीता प्रेस भी जा सकते हैं नड्डा
क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जेपी नड्डा गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद वह गीता प्रेस जाएंगे। दोपहर एक बजे चंपा देवी पार्क में होने वाले सम्मेलन में दो घंटे रहने के बाद वह वनटांगिया गांव रजही के लिए रवाना होंगे।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण
क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में भाजपा की टीम ने रविवार को दोनों कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और व्यवस्था को लेकर जरूरी बदलाव करवाया।

एयरपोर्ट पर पार्टी अध्यक्ष का स्वागत करेंगे योगी
गोरखपुर एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मेयर सीताराम जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद शिव प्रताप शुक्ला, रवि किशन शुक्ल, कमलेश पासवान, हरीश द्विवेदी, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन व क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप शुक्ला भी स्वागत करने वालों में शामिल होंगे।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

अन्य गोरखपुर की अन्य ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें और अन्य राज्यों या अपने शहरों की सभी ख़बरें हिन्दी में पढ़ने के लिए NYOOOZ Hindi को सब्सक्राइब करें।

Related Articles