पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत सपा के 20 कार्यकर्ताओंं पर FIR, व्यक्तिगत सवाल पूछने पर हुई थी मारपीट

संक्षेप:

  • सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत सपा के 21 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुरादाबाद में मीडिया कर्मियों से मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है
  • सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उनके अंगरक्षकों के अलावा सपा कार्यकर्ताओं पर मुरादाबाद में एक पांच सितारा होटल में मीडिया कर्मियों से मारपीट का आरोप है

मुरादाबाद: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत सपा के 21 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुरादाबाद में मीडिया कर्मियों से मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उनके अंगरक्षकों के अलावा सपा कार्यकर्ताओं पर मुरादाबाद में एक पांच सितारा होटल में मीडिया कर्मियों से मारपीट का आरोप है।

पाकबड़ा पुलिस ने अभियोग दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इंडियन प्रेस एलाईवनेस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. तरुण पाराशर ने पाकबड़ा पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व उनके कार्यकर्ता 11 मार्च की शाम मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित होली डे रेजीडेंसी होटल में थे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेसवार्ता कर रहे थे। प्रेस कान्फ्रेंस खत्म होने के बाद होटल की लाबी में कुछ पत्रकारों ने अखिलेश यादव से व्यक्तिगत सवाल पूछा। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री झल्‍ला उठे। उन्‍होंने अपने सुरक्षा कर्मियों व पार्टी कार्यकर्ताओं को पत्रकारों पर हमला करने के लिए उकसा दिया। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी व सपा कार्यकर्ता मीडियाकर्मियों पर टूट पड़े। उन्होंने मीडिया कर्मियों को दौड़ाकर पीटा। इसमें कई पत्रकारों को गंभीर चोटें आईं।

घायल पत्रकारों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। तहरीर के आधार पर पाकबड़ा पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री समेत 21 सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री समेत 21 लोगों के खिलाफ मारपीट के आरोप में पाकबड़ा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी मुरादाबाद अमित कुमार आनंद ने बताया कि घटना से संबंधित साक्ष्य एकत्र हो रहे हैं। साक्ष्य के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़े : राम दरबार: 350 मुस्लिमों की आंखों में गरिमयी आंसू और जुबां पर श्री राम का नाम


दो मीडिया कर्मियों के खिलाफ भी मुकदमा

साजिश के तहत पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में खलल डालने व उनके अंगरक्षकों व सपा कार्यकर्ताओं से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने दो मीडिया कर्मियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने तहरीर देकर बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुरादाबाद दौरे पर थे। जेड प्लस सुरक्षा के बीच वह पांच सितारा होटल पहुंचे। प्रेसवार्ता शुरू होने से ठीक पहले करीब पांच बजे फरीद शम्सी व उवैदुल रहमान नाम के दो व्यक्ति होटल पहुंचे। दोनों खुद को पत्रकार बता रहे थे। दोनों पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षा कर्मियों व सपा कार्यकर्ताओं पर लगातार छींटाकशी कर रहे थे। प्रेस कांफ्रेंस खत्म होने के बाद करीब साढ़े सात बजे दोनों ने पूर्व मुख्यमंत्री को प्रेस आइडी दिखाई। इसके बाद सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए जबरिया बाइट लेने पर आमादा हो गए। वीआइपी सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों से दोनों ने धक्कामुक्की की। इसके बाद बेहोशी का नाटक करते फरीद शम्सी जमीन पर लेट गया। दोनों कथित पत्रकारों ने जान बूझकर सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने की कोशिश की। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर उन्हें सुरक्षित करना पड़ा।

पूर्व सीएम की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मी जयप्रकाश निवासी आशियाना लखनऊ को बीच बचाव में काफी चोटें आईं। सुरक्षा कर्मी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने सुरक्षा कर्मी को लखनऊ रेफर कर दिया। दोनों ने जानबूझ कर पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की। सपा जिलाध्यक्ष की तहरीर पर दोनों आरोपितों के खिलाफ पाकबड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

If You Like This Story, Support NYOOOZ

NYOOOZ SUPPORTER

NYOOOZ FRIEND

Your support to NYOOOZ will help us to continue create and publish news for and from smaller cities, which also need equal voice as much as citizens living in bigger cities have through mainstream media organizations.

Related Articles